सोलन: नगर निगम का एक प्रतिनिधिमंडल आज अंबाला स्थित उत्तरी रेलवे के डीआरएम कार्यालय पहुंचा। इस दल में मेयर सुषमा शर्मा, उपमहापौर गौरव राजपूत और पार्षद रोहित भारद्वाज शामिल थे। बैठक के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता पुरुषोत्तम गुलेरिया भी विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ मुख्य अभियंता के साथ बैठक कर रेलवे लाइन से सटे सोलन शहर के वार्डों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे अधिकारियों को रेलवे लाइन के आसपास रहने वाले लोगों की समस्याओं से विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने आग्रह किया कि रेलवे और नगर निगम की एक संयुक्त टीम जल्द ही मौके का मुआयना करे, ताकि आपसी तालमेल से इन समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जा सके।
बैठक के दौरान वार्ड नंबर 4 के पार्षद रोहित भारद्वाज ने करोल विहार में लंबे समय से अटके एम्बुलेंस रोड के निर्माण का मुद्दा विशेष रूप से उठाया। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोग काफी समय से इस सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से इसे प्राथमिकता के आधार पर हल करने की अपील की।
रेलवे अधिकारियों ने इस मुद्दे पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आश्वासन दिया कि वे जल्द ही दोनों विभागों की संयुक्त टीम के साथ निरीक्षण करेंगे, ताकि जमीनी हकीकत को समझकर जल्द से जल्द समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया जा सके।
इस अवसर पर मेयर सुषमा शर्मा ने कहा कि नगर निगम शहर के हर वार्ड की समस्याओं को हल करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। रेलवे विभाग के साथ तालमेल बिठाकर सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता से सुलझाया जाएगा, ताकि जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।