सोलन: जिला सोलन पत्रकार संघ के चुनाव सोमवार को संपन्न हुए। इसमें पुनीत वर्मा को प्रधान और अश्विनी शर्मा को महासचिव चुना गया। प्रधान पद के लिए पुनीत वर्मा व मोहन चौहान में सीधा मुकाबला था, जिसमें पुनीत ने मोहन चौहान को 14 मतों के अंतर से हराया। महासचिव पद पर अश्विनी शर्मा व रविंद्र शर्मा में भी सीधा मुकाबला हुआ। इसमें अश्विनी शर्मा ने रविंद्र शर्मा को 8 मतों से हराया।

चुनाव प्रक्रिया सुबह 10 बजे शुरू होकर दोपहर 2 बजे तक चली। संघ से जुड़े 52 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रधान पद पर जीत दर्ज करने के बाद पुनीत वर्मा ने पत्रकार संघ के सभी सदस्यों का आभार जताया और संघ के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का वादा किया। उन्होंने कहा की पूर्व प्रधानों ने संघ के विकास के लिए बेहतरीन काम किया है।
महासचिव पद पर नियुक्त अश्विनी शर्मा ने भी सदस्यों का धन्यवाद किया और संघ को मजबूती देने और पत्रकारों के हित में कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। सोलन पत्रकार संघ के इस चुनाव ने सभी पत्रकारों में एकजुटता का परिचय देकर उत्साह भर दिया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सोलन पत्रकार संघ के अध्यक्ष महासचिव को बधाइयां देने का सिलसिला शुरू हो गया।
स्थानीय प्रशासन, विभिन्न सामाजिक संगठनों और पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों ने पुनीत वर्मा और अश्विनी शर्मा को उनकी जीत पर शुभकामनाएं दीं। संघ के वरिष्ठ सदस्यों ज्ञान सुमन, पवन ठाकुर, भानू वर्मा और नरेश पाल व विशाल वर्मा ने कहा की हमें उम्मीद है कि नई टीम पत्रकारों के हितों के लिए सकारात्मक और रचनात्मक काम करेगी।
चुनाव में एस.पी. शर्मा, विवेक और नेहा ने चुनाव अधिकारी व यशपाल कपूर ने ऑब्जर्वर की भूमिका निभाई। इस दौरान संघ के सभी सदस्य मौजूद रहे।