सोलन: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सोलन जिला के धर्मपुर पुलिस थाना की टीम ने कार्रवाई करते हुए सनवारा टोल प्लाजा के समीप नाकाबंदी के दौरान दो युवकों को 9 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों आरोपी राजधानी शिमला के रहने वाले हैं और पुलिस जांच में सामने आया है कि ये दोनों आदतन अपराधी हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार 19 फरवरी को धर्मपुर पुलिस टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल पर सवार होकर कुछ युवक नशे की खेप लेकर इस मार्ग से गुजरने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत सनवारा टोल प्लाजा के पास नाका लगाया। इसी दौरान जब एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया और उस पर सवार दो युवकों की तलाशी ली गई, तो उनके कब्जे से 9 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय दानिश पुत्र संजय निवासी विकास नगर और 25 वर्षीय जितेंद्र ठाकुर पुत्र पवन कुमार निवासी ऐराहोम, कसुम्पटी, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना धर्मपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में यह अहम खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी पहले भी नशे के कारोबार में संलिप्त रहे हैं। इनके खिलाफ शिमला के छोटा शिमला और न्यू शिमला पुलिस थानों में चिट्टा तस्करी के दो मामले पहले से ही दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश कर रही है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि वे यह चिट्टा कहां से खरीद कर लाए थे और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले की आगामी जांच जारी है।