सोलन भाजपा मंडल उपाध्यक्ष गुरविंदर काला 50 समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला सोलन में भारतीय जनता पार्टी को उस समय एक बड़ा राजनीतिक झटका लगा, जब भाजपा मंडल उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह काला ने अपने दर्जनों समर्थकों के साथ ‘कमल’ का साथ छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया। सोमवार को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल के पुत्र व कांग्रेस नेता कर्नल संजय शांडिल ने सभी कार्यकर्ताओं को विधिवत रूप से पार्टी की सदस्यता दिलाई।

कर्नल संजय शांडिल ने कांग्रेस परिवार में शामिल हुए सभी 50 कार्यकर्ताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि कांग्रेस में हर कार्यकर्ता की भावनाओं और मेहनत का पूरा सम्मान किया जाएगा। कर्नल शांडिल ने इस महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम का श्रेय वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश ठाकुर के अथक प्रयासों को दिया। इस अवसर पर एडवोकेट पीडी सूद, सेवानिवृत्त एसपी रविंद्र ठाकुर और शोभित बहल सहित कई अन्य गणमान्य नेता उपस्थित रहे।

भाजपा छोड़ने वाले गुरविंदर सिंह काला ने पार्टी नेतृत्व पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा में आम कार्यकर्ता की लगातार उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने मुख्य रूप से सिरीनगर पंचायत को नगर पंचायत में शामिल किए जाने का कड़ा विरोध किया। काला ने बताया कि इस विषय को लेकर वे कई बार भाजपा के शीर्ष नेताओं और प्रतिनिधिमंडलों से मिले, लेकिन उनकी जायज मांग को हर बार नजरअंदाज किया गया।

गुरविंदर काला ने खुलासा किया कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने उन्हें आश्वासन दिया है कि कंडाघाट नगर पंचायत को विभाजित कर दोबारा स्वतंत्र कंडाघाट और सिरीनगर पंचायतें बनाई जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि यदि यह मांग पूरी होती है, तो भविष्य में करीब 200 और लोग मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

गुरविंदर सिंह काला के साथ राजविंदर कौर, मनोज ठाकुर, संतोष, पूनम देवी, कुलदीप सिंह, सुरिंदर सिंह, मोहन ठाकुर, अमन सिंह, भूपेंद्र सिंह और जय दत्त शर्मा सहित कुल 50 कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थामा है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।