सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन में पुलिस ने नशे के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने शामती के पास नाकाबंदी कर 54 ग्राम से ज्यादा चिट्टे (हेरोइन) के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की टीम ने चेकिंग के दौरान एक फोर्ड फिगो एस्पायर गाड़ी को रोका। जब गाड़ी की बारीकी से तलाशी ली गई तो उसमें सवार दो युवकों के पास से नशे की यह खेप बरामद हुई।

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए दोनों आरोपी बाहरी राज्यों के रहने वाले हैं। इनमें से एक की पहचान पंजाब के लुधियाना जिले की डाबा तहसील के लोहरा गांव के रहने वाले 35 वर्षीय नरजीत सिंह उर्फ नवी के रूप में हुई है, जिनके पिता का नाम जसबीर सिंह है। वहीं दूसरा आरोपी 29 वर्षीय रवि हरियाणा के अंबाला जिले की बराड़ा तहसील के खान अहमदपुर डाकघर डी) का रहने वाला है, जिसके पिता का नाम कुलजीत सिंह है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही फोर्ड फिगो एस्पायर कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है। इस मामले में पुलिस थाना सदर सोलन में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों से गहराई से पूछताछ कर रही है और उनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है ताकि ड्रग्स की सप्लाई के इस पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।