सोलन: जिला पुलिस की एसआईयू (SIU) टीम ने नशे के खिलाफ अभियान में एक और सफलता हासिल की है। पुलिस ने रबोन बाईपास पर नाकाबंदी के दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार से दो युवकों को 8 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों आरोपी कंडाघाट क्षेत्र के रहने वाले हैं और पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार में नशीले पदार्थ की खेप ले जाई जा रही है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए SIU टीम ने रबोन बाईपास पर नाका लगाया। चेकिंग के दौरान जब संदिग्ध कार को रोका गया, तो उसमें सवार दो युवकों के कब्जे से 8 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में जतिन कुमार आयु 30 वर्ष पुत्र सीता राम, निवासी गांव दोलग, कंडाघाट व अंकुश उर्फ बिन्नी आयु 26 वर्ष पुत्र रामेश्वर ठाकुर, निवासी गांव कोहरी, कंडाघाट शामिल हैं । पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला गया तो पाया गया कि वे आदतन अपराधी हैं:
जतिन कुमार के विरुद्ध पूर्व में चोरी के 6 मामले दर्ज हैं, जिनमें से 4 कंडाघाट थाना, 1 धर्मपुर और 1 सदर सोलन थाना में पंजीकृत है। जबकि अंकुश उर्फ बिन्नी के विरुद्ध पहले भी चिट्टा तस्करी का एक मामला दर्ज पाया गया है।
पुलिस ने आज, 23 मार्च 2026 को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इनसे गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे यह नशा कहाँ से लाए थे और सोलन में किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी।
पुलिस अधीक्षक सोलन ने पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के सौदागरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके बैकवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं।