सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन ज़िले से एक बड़ी खबर सामने आई है। कंडाघाट में चोरों ने एक ही रात में दो अलग-अलग मंदिरों के दानपात्रों के ताले तोड़े और हज़ारों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। हालांकि एक मंदिर में हुई चोरी की पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात चोरों ने सबसे पहले सीरिनगर स्थित प्राचीन शिवालय का ताला तोड़ा। यहां से चोर दानपात्र में रखे करीब 18 हज़ार रुपये चुरा ले गए। सुबह जब इस घटना का पता चला तो मंदिर कमेटी के प्रधान चेन सिंह के साथ देविंद्र, जोगिंदर और हिमांशु तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देरी किए कंडाघाट पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर मंदिर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति रात करीब 11 बजे मंदिर के पिछले हिस्से से अंदर घुसता हुआ और फिर रात एक बजे के आसपास बाहर निकलता हुआ दिखाई दे रहा है।
इस घटना के अलावा प्राचीन शिवालय से करीब आधा किलोमीटर दूर जगतगुरु शंकराचार्य के आश्रम परिसर में भी ऐसी ही वारदात को अंजाम दिया गया। यहां स्थित माता राजराजेश्वरी मंदिर का दानपात्र तोड़कर चोर करीब 15 हज़ार रुपये की नकदी उड़ा ले गए। एक ही रात में आसपास के दो मंदिरों में हुई इस चोरी से स्थानीय लोगों में काफी रोष है।
सोलन के एएसपी रमेश शर्मा ने इस पूरे मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं की गंभीरता से जांच कर रही है। प्राचीन शिवालय से मिली सीसीटीवी फुटेज को मामले का अहम सुराग माना जा रहा है और उसी के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिशें तेज़ कर दी गई हैं।