सोलन : औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के समीप बिड़ला लेबर गेट क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके पति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान सुनीता देवी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झारखंड की रहने वाली थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना बरोटीवाला में सुरजीत कुमार पुत्र दशरथ महतो, निवासी गांव व डाकघर साड़ी, जिला रामगढ़ (झारखंड) ने शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी रिश्तेदार सुनीता देवी अपने पति सुरेन्द्र बेदिया के साथ बरोटीवाला में बिड़ला लेबर गेट के पास एक किराए के मकान में रह रही थी। देर रात सुनीता देवी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के बाहर बरामद हुआ।

शिकायतकर्ता सुरजीत कुमार ने आरोप लगाया कि आरोपी सुरेन्द्र बेदिया अक्सर अपनी पत्नी सुनीता देवी के साथ मारपीट और प्रताड़ित किया करता था। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि देर रात हुई कहासुनी या कहासुनी के दौरान सुरेन्द्र बेदिया ने ही अपनी पत्नी की हत्या की है। परिजनों की शिकायत और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने स्वयं घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का मुआयना किया। उन्होंने जांच अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष, वैज्ञानिक और त्वरित जांच सुनिश्चित करने के सख्त दिशा-निर्देश दिए।
मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण जैविक और भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है, ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके। आरोपी पति सुरेन्द्र बेदिया को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।