सोलन: शहर के बजरोल क्षेत्र में गुरुवार को एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सोलन के गंज बाजार स्थित खालसा कॉम्प्लेक्स निवासी 56 वर्षीय अमरजीत सिंह के रूप में हुई है। वह पेशे से दुकानदार थे। मिली जानकारी के अनुसार, अमरजीत सिंह रोज की तरह गुरुवार सुबह अपने घर से दुकान खोलने के लिए निकले थे। लेकिन कुछ समय बाद उनका शव बजरोल के पास सड़क के नीचे एक पेड़ पर फंदे से लटका हुआ पाया गया। सूचना मिलते ही सदर थाना सोलन की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।

पुलिस ने परिजनों और स्थानीय गवाहों की मौजूदगी में शव को फंदे से नीचे उतारा। प्रारंभिक जांच और निरीक्षण के दौरान मृतक के शरीर पर गले में रस्सी के निशान के अलावा चोट या खरोंच का कोई अन्य निशान नहीं पाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन और रस्सी को कब्जे में ले लिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस ने क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। मौत के असल कारणों का पता लगाने के लिए विसरा प्रिजर्व किया गया है, जिसे रासायनिक परीक्षण हेतु राज्य फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (SFSL) जुन्गा भेजा जा रहा है।
हालांकि मृतक के परिजनों या अन्य स्थानीय लोगों ने अभी तक किसी प्रकार का शक जाहिर नहीं किया है, फिर भी पुलिस मामले की जांच हर संभावित पहलू से कर रही है। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।