सोलन: शहर में हाल ही में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब इस रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात के पीछे की असली वजह और अन्य तमाम जुड़े पहलुओं को लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है।

दोनों आरोपियों की पहचान अंकुश उर्फ भूरा उम्र 24 वर्ष पुत्र श्री रमेश कुमार, निवासी वार्ड नंबर 07, धोबीघाट, कारगिल मोहल्ला, जिला सोलन तथा मंथन भारद्वाज उम्र 20 वर्ष पुत्र श्री सागर भारद्वाज, निवासी वर्मा कॉम्प्लेक्स, लक्कड़ बाजार, सोलन, तहसील एवं जिला सोलन के रूप में हुई है।
पुलिस छानबीन के दौरान इस सनसनीखेज वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए चाकू और कड़े को बरामद कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल का वैज्ञानिक और फोरेंसिक निरीक्षण एसएफएसएल की विशेषज्ञ टीम से भी करवाया गया है, ताकि मौके से सभी पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें।
पुलिस द्वारा आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है। इसके साथ ही, वारदात से जुड़े प्रत्येक छोटे-बड़े पहलू और साक्ष्य की प्राथमिकता के आधार पर गहनता से जांच जारी है, ताकि इस मामले में संलिप्त अन्य किसी भी संभावित पहलू या व्यक्ति का पर्दाफाश किया जा सके।