नाहन : जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) के ‘समर(ग्रीष्मकालीन) बाउंड’ कक्षा 6 के परिणाम घोषित होते ही हरिपुरधार की BLR एकेडमी में खुशी की लहर दौड़ गई। संस्थान की होनहार छात्रा अर्पिता ने अर्बन कैटेगरी में 92.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर ओवरऑल तीसरी रैंक हासिल की है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही अर्पिता का चयन पंचकूला नवोदय विद्यालय के लिए हो गया है, जहाँ वह कक्षा 6 से 12वीं तक की शिक्षा प्राप्त करेगी।
संस्थान की एक अन्य छात्रा वैष्णवी ठाकुर ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पंचकूला जिले में 27वीं रैंक प्राप्त की। हालांकि वह अंतिम चयन सूची में स्थान बनाने से मामूली अंतर से चूक गईं, लेकिन उनकी इस उपलब्धि ने एकेडमी और क्षेत्र का मान बढ़ाया है।

BLR एकेडमी के संचालक ने बताया कि इस सत्र में ऑनलाइन जेएनवी बैच से समर बाउंड के लिए कुल 3 छात्रों ने परीक्षा दी थी। इनमें से एक छात्रा ने न केवल चयन पाया, बल्कि टॉप-3 में जगह बनाकर यह साबित कर दिया कि मेहनत और सही मार्गदर्शन के आगे संसाधन और स्थान मायने नहीं रखते।
एकेडमी की सफलता की यात्रा निरंतर जारी है। पिछले 4 वर्षों में यहाँ से 30 से अधिक छात्र नवोदय विद्यालय के लिए चयनित हो चुके हैं। न्यूनतम फीस और सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्रों को बेहतरीन ऑनलाइन कोचिंग प्रदान करना संस्थान का मुख्य उद्देश्य रहा है।
संस्थान के अधिकतर छात्र ‘विंटर बाउंड’ नवोदय विद्यालयों से संबंधित हैं, जिनकी प्रवेश परीक्षा आगामी 11 अप्रैल को निर्धारित है। समर बाउंड के इन शानदार परिणामों ने अन्य छात्रों का उत्साह भी दोगुना कर दिया है। एकेडमी प्रबंधन को पूर्ण विश्वास है कि 11 अप्रैल को होने वाली परीक्षा में भी संस्थान के छात्र बड़ी सफलता हासिल करेंगे।