शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में आयोजित एक भव्य समारोह में देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले 419 खिलाड़ियों को हिम रत्न-2026 पुरस्कार से नवाजा है। राज्य सरकार ने इन उत्कृष्ट खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कुल 17.85 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि बांटी है। इनमें 51 अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को 13.55 करोड़ रुपये और 368 राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को 4.30 करोड़ रुपये दिए गए हैं।

किसे मिला कितना इनाम?
जापान में हुए एशियन गेम्स-2026 की पुरुष मैराथन में सिल्वर मेडल जीतने वाले धावक सावन बरवाल को 2.50 करोड़ रुपये और 10 हजार मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज जीतने वाली सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपये का चेक सौंपा गया। वहीं, एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम का हिस्सा रहीं हिमाचल की रितु नेगी, पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को एक-एक करोड़ रुपये से सम्मानित किया गया। इसके अलावा, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार गेंदबाज रेणुका ठाकुर को भी एक करोड़ रुपये का इनाम दिया गया।
ओलंपिक और एशियन गेम्स की इनामी राशि में बंपर इजाफा
मुख्यमंत्री सुक्खू ने ऐलान किया कि खेल और खिलाड़ियों को सर्वोच्च सम्मान देने के लिए पुरस्कार राशि में भारी बढ़ोतरी की गई है। अब ओलंपिक शीतकालीन और पैरालंपिक सहित में गोल्ड जीतने वाले को तीन के बजाय पांच करोड़, सिल्वर पर तीन करोड़ और ब्रॉन्ज पर दो करोड़ रुपये मिलेंगे। इसी तरह एशियन गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट को अब 50 लाख के बजाय सीधे चार करोड़ रुपये दिए जाएंगे। टीम इवेंट में पदक जीतने वाले हर खिलाड़ी को कम से कम 25 फीसदी इनामी राशि मिलेगी। इसके साथ ही, कोच और अंतरराष्ट्रीय रेफरी को भी तीन-तीन लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए खेल विभाग में सरकारी पद भी बनाए गए हैं।
नशे के खिलाफ खेलो हिमाचल अभियान
युवाओं को चिट्टे जैसे खतरनाक नशे से दूर रखने के लिए सरकार 20 नवंबर से धर्मशाला में खेलो हिमाचल अभियान शुरू करने जा रही है। 15 से 30 साल के युवाओं के लिए होने वाली क्रिकेट, वॉलीबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताओं में राज्य स्तर पर जीतने वाली टीम को 21 लाख रुपये का इनाम मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान इस अभियान की वेबसाइट और मस्कट भी लॉन्च किया। इसके अलावा, खेलों का बुनियादी ढांचा मजबूत करने के लिए हमीरपुर के नादौन में 170 करोड़ रुपये की लागत से 14 खेलों की सुविधाओं वाला एक आधुनिक इंडोर स्टेडियम बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि हिमाचल भले ही एक छोटा राज्य है, लेकिन यहां के खिलाड़ियों के सपने बहुत बड़े हैं और सरकार उन्हें पूरा करने के लिए एक मजबूत तंत्र बना रही है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह, डॉ. धनीराम शांडिल और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।