हिमाचल के अनमोल, कैरवी और सृष्टि का चयन कूडो यूरेशियन कप के लिए

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश के तीन होनहार युवा खिलाड़ियों ने गुजरात की धरती पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सूरत में आयोजित कूडो फेडरेशन ऑफ इंडिया (KIFI) के कड़े ट्रायल्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए इन तीनों ने जॉर्जिया में होने वाले प्रतिष्ठित यूरेशियन कप (Eurasian Cup) के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है। यह उपलब्धि न केवल इन खिलाड़ियों के लिए, बल्कि पूरे पहाड़ी राज्य के लिए गर्व का विषय है।

कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर चयन सूची में जगह बनाने वाले इन तीन खिलाड़ीयों में रामपुर, शिमला के रहने वाले अनमोल ने 16 वर्ष से कम आयु वर्ग (लड़के) के -58 किलो भार वर्ग में यह मुकाम हासिल किया। सोलन के हाउसिंग कॉलोनी की निवासी कैरवी नेगी ने 14 वर्ष से कम आयु वर्ग (लड़कियां) के -52 किलो भार वर्ग में चयन पक्का किया है। वहीं रामपुर की ही सृष्टि ने 14 वर्ष से कम आयु वर्ग (लड़कियां) के -37 किलो भार वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन किया।

कूडो एक जापानी मार्शल आर्ट है, जो जूडो, कराटे और किक-बॉक्सिंग का मिश्रण (स्ट्राइकिंग, ग्रैपलिंग और ग्राउंड फाइटिंग) है। भारत में फिल्म स्टार अक्षय कुमार और मेहुल वोरा के प्रयासों से यह खेल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। अब हिमाचल के ये नन्हें खिलाड़ी इसी खेल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का झंडा बुलंद करेंगे।

वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीद कूडो फेडरेशन ऑफ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष अजय जसवाल ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि ये बच्चे महीनों से पसीना बहा रहे थे। जॉर्जिया में यूरेशियन कप में अच्छा प्रदर्शन करके इनके पास वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने का सुनहरा मौका है। फेडरेशन ने अब इन खिलाड़ियों को स्पेशल ट्रेनिंग कैंप में भेजने की तैयारी भी शुरू कर दी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।