हिमाचल महिला अंडर-23 टी-20 टीम घोषित, अंशिका ठाकुर को सौंपी गई कमान

Photo of author

By पंकज जयसवाल

शिमला : हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) ने आगामी बीसीसीआई महिला अंडर-23 टी-20 एलीट टूर्नामेंट 2026-27 के लिए हिमाचल प्रदेश की महिला क्रिकेट टीम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए एचपीसीए चयनकर्ताओं ने 16 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों की उभरती हुई महिला क्रिकेटर्स को शामिल किया गया है। टीम की बागडोर कुल्लू जिले की खिलाड़ी अंशिका ठाकुर को कप्तान के रूप में सौंपी गई है।

चयनित टीम में बिलासपुर से ईशानी दास और खुशी ठाकुर, चंबा से हिमानी शर्मा व तवीश बाला, हमीरपुर से सुहाना सैनी, कांगड़ा से आहाना शर्मा व धन्या लक्ष्मी, और कुल्लू से कप्तान अंशिका ठाकुर शामिल हैं। इसके अलावा मंडी से साक्षी, शिमला से अनाहिता दिग्विजय सिंह, अंशिका सिंह सैनी, देवांशी वर्मा और मनीषा, सिरमौर से पारखी ठाकुर, सोलन से कानू प्रिया तथा ऊना से अंशिता संदल को टीम में जगह मिली है।

टीम के साथ हेड कोच के रूप में अनाघा देशपांडे जुड़ी हैं, जबकि बैटिंग कोच की भूमिका वरुण शर्मा निभाएंगे। इनके साथ सहायक कोच के तौर पर सनी भट्ट, फिजियो के रूप में मनीषा, स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग (S&C) कोच के रूप में प्रीति रानी, वीडियो विश्लेषक के रूप में आशुतोष पांडे, मैसेज के रूप में सोनाली ठाकुर और टीम मैनेजर की जिम्मेदारी शिव कपूर संभाल रहे हैं।

टूर्नामेंट के शेड्यूल के अनुसार, हिमाचल प्रदेश की टीम अपने सभी लीग मुकाबले राजकोट में खेलेगी। टीम का मुकाबला 14 नवंबर 2026 को ओडिशा के खिलाफ होगा, इसके बाद 15 नवंबर को मुंबई, 17 नवंबर को त्रिपुरा, 19 नवंबर को असम और 21 नवंबर 2026 को आंध्र प्रदेश की टीम से कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। एचपीसीए के सचिव मनु शर्मा ने टीम की घोषणा करते हुए सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को आगामी टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं दी हैं और उम्मीद जताई है कि प्रदेश की बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।