सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन में पुलिस ने खुद को सेना का अधिकारी बताने वाले एक 31 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। कांगड़ा जिले के बैजनाथ का रहने वाला अर्पण कटोच सेना की वर्दी और पदचिह्न लगाकर आसपास के इलाकों में रौब झाड़ रहा था।

गढ़खल पुलिस को जब कोट गांव के आसपास इस फर्जी अफसर की भनक लगी, तो पुलिस टीम ने सुनारडी गांव में एक किराये के कमरे पर छापा मारकर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से सेना की वर्दी वाली एक तस्वीर लगा कार्ड भी मिला है, जिसे लेकर वह कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका। अर्पण के पिता का नाम जगदीश चन्द है और वह मूल रूप से कांगड़ा के टिकरी डाकखाना डुहकी गांव का रहने वाला है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सोलन के शामती इलाके में एक निजी होटल में काम करता है। कसौली और आसपास के क्षेत्रों में सैन्य छावनी होने के कारण पुलिस इस मामले को काफी गंभीरता से ले रही है। कसौली थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने इस फर्जी आईडी कार्ड का इस्तेमाल कहां-कहां किया और सैन्य अधिकारी का रूप धरने के पीछे उसका असल मकसद क्या था।