हिमाचल: रामलाल कुलवी बने भीम आर्मी भारत एकता मिशन के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष

शिमला : भीम आर्मी भारत एकता मिशन हिमाचल प्रदेश को अंततः नया नेतृत्व मिल गया है। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी हितेश माही द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, रामलाल कुलवी को कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब संगठन की प्रदेश इकाई में गत 13 मार्च 2025 को कार्यकारिणी को भंग किए जाने के बाद से लगातार अस्थिरता और भ्रम की स्थिति बनी हुई थी। इस फैसले के बाद प्रदेश भर के कार्यकर्ता नेतृत्व की दिशा में स्पष्टता की मांग कर रहे थे। कार्यकर्ताओं की भावना और संगठन की मजबूती को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

भीम आर्मी

रामलाल कुलवी जिला कुल्लू से संबंध रखते हैं और पिछले तीन वर्षों से प्रदेश महासचिव के रूप में संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। वे जमीनी स्तर पर सक्रियता, ईमानदारी और संगठनात्मक कौशल के लिए जाने जाते हैं। इससे पूर्व वे स्थानीय स्तर पर सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी अग्रणी रहे हैं।

नियुक्ति की घोषणा के साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष रतन सिंह ने यह भी निर्देश दिए हैं कि रामलाल कुलवी तुरंत प्रभाव से अपनी जिम्मेदारियाँ संभालें और नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाएं।

हितेश माही ने कहा कि, “रामलाल कुलवी संगठन के एक समर्पित और अनुभवी नेता हैं। हमें विश्वास है कि वे संगठन को प्रदेश स्तर पर और अधिक मजबूत करेंगे और युवाओं को सामाजिक न्याय की लड़ाई में सक्रिय भागीदारी दिलाएंगे।”

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।