हिमाचल विधानसभा शीत सत्र: CM के आग्रह पर माना विपक्ष, सदन में पेश हुए 13 अहम विधेयक

Photo of author

By संजीव अवस्थी

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन गुरुवार को तपोवन स्थित सदन में एक बार फिर प्रश्नकाल नहीं हो सका। हालांकि, थोड़ी नोकझोंक और हां-ना के बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सहमति बनने से सदन में 13 महत्वपूर्ण विधेयक पेश कर दिए गए। इसके बाद भ्रष्टाचार के मुद्दे पर नियम 67 के तहत चल रहे स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा को आगे बढ़ाया गया। अन्य सभी कामकाज रोककर इस मुद्दे पर लगातार चौथे दिन चर्चा जारी रही।

सुबह 11 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विपक्ष से इन 13 विधेयकों को पेश करने की अनुमति मांगी। मुख्यमंत्री ने तर्क दिया कि इनमें से कुछ बेहद अहम विधेयक हैं, जिनमें एक हिमाचल प्रदेश की संपदा से जुड़ा है और दूसरा विधवा बहनों के अधिकारों से संबंधित है। उन्होंने कहा कि इन्हें अभी पेश करना इसलिए जरूरी है ताकि रणधीर शर्मा सहित विपक्ष के अन्य विधायकों को इन्हें पढ़ने और समझने के लिए पर्याप्त समय मिल सके। सुक्खू ने स्पष्ट किया कि ये विधेयक आधे घंटे में पेश हो सकते हैं और इसके बाद स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा जारी रखी जा सकती है, अन्यथा सत्र की बैठकों को दो दिन और बढ़ाना पड़ सकता है।

मुख्यमंत्री के इस प्रस्ताव पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शुरुआत में आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही स्थापित व्यवस्था के अनुसार ही चलनी चाहिए और जब नियम 67 के तहत चर्चा चल रही है, तो उसे ही आगे बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि गुरुवार को गैर सरकारी सदस्य दिवस भी होता है, जिस दिन कोई अन्य कार्यवाही नहीं की जाती। जयराम ठाकुर ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि एक दिन सरकार प्रश्नकाल न करवाने की बात करती है और अगले ही दिन स्थगन प्रस्ताव की चर्चा के बीच विधेयक पेश करने की जरूरत बता रही है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि चर्चा पूरी होने के बाद विधेयक पेश करने पर उन्हें कोई ऐतराज नहीं है।

इस बीच संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने भी विपक्षी सदस्यों से सहयोग की अपील की। आखिरकार मुख्यमंत्री के आग्रह पर विपक्ष मान गया और सभी 13 विधेयक सदन के पटल पर रख दिए गए। इसके बाद सदन में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव की चर्चा फिर से शुरू हुई।

Photo of author

संजीव अवस्थी

समाचार रिपोर्टिंग में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। हिमाचल प्रदेश के कुछ सबसे प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्रों में व्यापक योगदान दिया है। पिछले कई वर्षों से, विभिन्न ऑनलाइन समाचार प्लेटफार्मों के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं और बदलते डिजिटल मीडिया परिदृश्य के साथ तालमेल बिठाते रहे हैं।

error: Not Allowed