उद्योगपति भरत सिंह व अनिल ठाकुर ने गोद ली कमरऊ पाठशाला, संवरेगा बच्चों का भविष्य

नाहन : राजकीय प्राथमिक केंद्र पाठशाला कमरऊ में शनिवार को आयोजित एक विशेष आम बैठक में शिक्षा की बेहतरी के लिए एक मील का पत्थर स्थापित किया गया। विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों की मौजूदगी में सामाजिक कार्यकर्ता एवं उद्योगपति भरत सिंह ठाकुर और अनिल कुमार ठाकुर ने आधिकारिक रूप से विद्यालय को गोद लिया।

बैठक की अध्यक्षता SMC अध्यक्षा द्वारा की गई, जिसमें विद्यालय के सर्वांगीण विकास और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने सर्वसम्मति से वर्ष 2026-27 के लिए स्कूल को गोद दिए जाने का प्रस्ताव पारित किया। इस अवसर पर दोनों मुख्य अतिथियों का स्कूल पहुँचने पर जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया गया।

स्कूल को विधिवत रूप से गोद लेने के बाद उद्योगपति भरत सिंह ठाकुर और अनिल कुमार ठाकुर ने आश्वासन दिया कि वे स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को संवारने के लिए अध्यापकों और SMC के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि स्कूल की बुनियादी सुविधाओं और बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार उनकी प्राथमिकता रहेगी।

इस नेक पहल के लिए केंद्रीय मुख्य शिक्षक बाबूराम शर्मा, SMC सदस्यों और अभिभावकों ने दोनों उद्योगपतियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उनके इस परोपकारी कार्य की सराहना करते हुए भगवान से उनके व्यवसाय में उन्नति की प्रार्थना की। कार्यक्रम के समापन पर अध्यापक चतर सिंह ठाकुर ने बैठक में उपस्थित सभी अतिथियों और अभिभावकों का धन्यवाद किया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।