नाहन : जिला सिरमौर पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) ने नशे के खिलाफ जारी अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 11.16 ग्राम चिट्टा (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नशे की यह खेप अपने हेलमेट के फोम के अंदर शातिर तरीके से छिपा रखी थी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार (24 अप्रैल) शाम को जब SIU टीम रैनबैक्सी चौक के पास गश्त पर थी, तो उन्हें सूचना मिली कि मुर्तजा उर्फ फरमान, निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), लंबे समय से पांवटा क्षेत्र में नशा सप्लाई कर रहा है। सूचना थी कि आरोपी अपनी मोटरसाइकिल (नंबर HR71A-4659) पर सवार होकर विद्या पीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, केदारपुर के पीछे एक निर्माणाधीन मकान के पास ग्राहकों का इंतज़ार कर रहा है।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस तब हैरान रह गई जब आरोपी के हाथ में मौजूद हेलमेट के अंदर से 11.16 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी मोटरसाइकिल और नशीला पदार्थ जब्त कर लिया।
पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपी के खिलाफ ND&PS एक्ट की धारा 21 और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और स्थानीय स्तर पर किन-किन लोगों को सप्लाई की जानी थी, ताकि पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया जा सके।
सिरमौर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे नशा तस्करों के बारे में जानकारी साझा कर नशा मुक्त जिला बनाने में सहयोग करें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।