सोलन: एल.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के अंतर्गत संचालित एल.आर. इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, सोलन में नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘शुभारंभ’ थीम के अंतर्गत फ्रेशर पार्टी का भव्य एवं सांस्कृतिक आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों का संस्थान में गर्मजोशी से स्वागत करना तथा उन्हें उनके शैक्षणिक सफर के लिए एक सकारात्मक, उत्साहपूर्ण और यादगार शुरुआत प्रदान करना रहा।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मॉडलिंग, वेस्टर्न डांस के साथ-साथ हिमाचली नाटी, पंजाबी और हरियाणवी लोकनृत्यों की रंगारंग छटा बिखरी। विद्यार्थियों के अदम्य उत्साह, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रदर्शन ने पूरे आयोजन को चिरस्मरणीय बना दिया।
विभिन्न प्रतिस्पर्धात्मक चरणों के आधार पर फ्रेशर पार्टी के मुख्य खिताबों की घोषणा की गई। इसमें आयुष पंवार को ‘मिस्टर फ्रेशर’ तथा रश्मि को मिस फ्रेशर के खिताब से नवाजा गया। इसके अतिरिक्त तुषार को मिस्टर पर्सनैलिटी, आराधना को मिस पर्सनैलिटी, पीयूष को मिस्टर एलिगेंट तथा अराइना को ‘मिस एलिगेंट’ का खिताब प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस गरिमामयी अवसर पर मैनेजमेंट की प्रिंसिपल डॉ. श्वेता संधू तथा डायरेक्टर एकेडमिक्स प्रोफेसर डॉ. पी. पी. शर्मा सहित संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में डॉ. श्वेता संधू ने विद्यार्थियों को अपनी अंतर्निहित प्रतिभा को निखारने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा शैक्षणिक व व्यक्तिगत जीवन में नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, प्रोफेसर डॉ. पी. पी. शर्मा ने नए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।
‘शुभारंभ’ थीम पर आधारित यह फ्रेशर पार्टी नए विद्यार्थियों के लिए नई उम्मीदों, नई मित्रता और नए अवसरों का संदेश देकर संपन्न हुई। संस्थान प्रबंधन ने इस सफल एवं अनुशासित आयोजन के लिए आयोजकों व विद्यार्थियों की सराहना करते हुए सभी नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई दी।