हिमाचल कृषि रोडमैप विजन 2047 को अंतिम रूप देने की कवायद तेज

Photo of author

By Hills Post

सोलन: भारत सरकार के ‘विकसित भारत @2047’ के दृष्टिकोण के अनुरूप ‘हिमाचल प्रदेश कृषि रोडमैप विजन 2047’ तैयार करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इस महत्वपूर्ण दस्तावेज को तैयार करने का दायित्व आईसीएआर-केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान (सीपीआरआई) को सौंपा गया है। इसी कड़ी में दस्तावेज को अंतिम रूप देने और सुझावों पर विचार-विमर्श करने के लिए आईसीएआर-सीपीआरआई के निदेशक डॉ. बृजेश सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी का दौरा किया। टीम में डॉ. संजीव शर्मा, डॉ. योगेश गौतम और डॉ. आलोक कुमार शामिल रहे।

खेती को टिकाऊ, लाभकारी और युवाओं के लिए आकर्षक बनाना लक्ष्य

इस विजन दस्तावेज को नौणी विश्वविद्यालय, हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर, राज्य सरकार के विभिन्न विभागों और प्रदेश में स्थित आईसीएआर संस्थानों के क्षेत्रीय केंद्रों के आपसी समन्वय से तैयार किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य वर्ष 2047 तक हिमाचल प्रदेश के कृषि और इससे जुड़े क्षेत्रों का व्यापक रूपांतरण करना है। इसमें खेती को टिकाऊ, जलवायु अनुकूल, लाभकारी और विशेष रूप से युवाओं के लिए आकर्षक बनाने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

अपने दौरे के दौरान सीपीआरआई की टीम ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एच.एस. बवेजा के साथ एक विस्तृत बैठक की। बैठक में निदेशक अनुसंधान, निदेशक विस्तार शिक्षा, अधिष्ठाताओं और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों ने हिस्सा लिया। इस दौरान प्रदेश के कृषि एवं बागवानी क्षेत्र की भावी प्राथमिकताओं, उभरती चुनौतियों और संभावनाओं पर गहन चर्चा हुई।

निर्यात, कृषि व्यवसाय मॉडल और औषधीय पौधों पर विशेष जोर

बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि विजन दस्तावेज में स्पष्ट, मापनीय और समयबद्ध लक्ष्य शामिल किए जाएं, ताकि यह राज्य की विशिष्ट कृषि-जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप नीतिगत नियोजन, अनुसंधान और विकास के लिए एक ठोस संदर्भ दस्तावेज बन सके। चर्चा के दौरान हिमाचल की परिस्थितियों के अनुकूल व्यावहारिक कृषि व्यवसाय मॉडल विकसित करने और राज्य के कृषि व बागवानी उत्पादों की निर्यात क्षमता का पूरा लाभ उठाने के लिए स्पष्ट रोडमैप बनाने पर बल दिया गया, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके। इसके साथ ही टिकाऊ भूमि उपयोग, कृषि विविधीकरण और आजीविका के नए अवसरों के लिए उपयुक्त कृषि वानिकी मॉडल और औषधीय पौधों के संवर्धन को भी रोडमैप के प्रमुख घटकों में शामिल करने पर सहमति बनी।

विश्वविद्यालय की प्रयोगशालाओं और नवाचारों का किया अवलोकन

बैठक के बाद आईसीएआर-सीपीआरआई की टीम ने नौणी विश्वविद्यालय की विभिन्न इकाइयों और सुविधाओं का निरीक्षण किया। टीम ने बेकरी अनुभाग, खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, वाइन निर्माण प्रयोगशाला, टेरारियम इकाई और पुष्प शिल्प प्रयोगशाला का दौरा किया। इस दौरान टीम को खाद्य प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, उत्पाद विकास और उद्यमिता के क्षेत्र में विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे नवाचारों और कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed