एसपी विनोद धीमान ने NCC कैडेट्स को सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर, नशे से दूर रहने का दिया संदेश

Photo of author

By Hills Post

सोलन: फस्र्ट एचपी (ब्वॉयज) बटालियन सोलन की ओर से चितकारा यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित किए जा रहे 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के छठे दिन कैडेट्स के लिए एक विशेष शैक्षणिक सत्र का आयोजन किया गया। फस्र्ट ब्वॉयज बटालियन सोलन के कमांडिंग ऑफिसर (सीओ) कर्नल राजीव थॉमस की देखरेख में चल रहे इस प्रतिष्ठित शिविर में प्रदेश भर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए 460 एनसीसी कैडेट्स अत्यंत उत्साह और अनुशासन के साथ भाग ले रहे हैं।

शिविर के छठे दिन आयोजित विशेष सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एसपी बद्दी विनोद धीमान ने एनसीसी कैडेट्स को साइबर सुरक्षा, बढ़ते डिजिटल अपराधों और नशे के दुष्परिणामों के प्रति विस्तार से जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स को संबोधित करते हुए एसपी विनोद धीमान ने कहा कि आज के आधुनिक डिजिटल युग में सतर्कता और जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। उन्होंने सोशल मीडिया के सुरक्षित व विवेकपूर्ण उपयोग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक के खतरों, किसी भी सूरत में ओटीपी (OTP) साझा न करने तथा किसी भी प्रकार के साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की महत्वपूर्ण सलाह दी।

युवा पीढ़ी में बढ़ते नशे के गंभीर खतरे पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए एसपी बद्दी ने कैडेट्स को आगाह किया कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि पूरे परिवार और सुनहरे भविष्य को भी बर्बाद कर देता है। उन्होंने देश के भावी कर्णधारों से आह्वान किया कि वे स्वयं हर प्रकार के नशे से दूर रहें और अपने मित्रों तथा समाज को भी इसके घातक परिणामों के प्रति निरंतर जागरूक करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि एनसीसी कैडेट अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र सेवा के जीवंत प्रतीक होते हैं, इसलिए उन्हें समाज के लिए एक बेहतरीन प्रेरणास्रोत बनकर कार्य करना चाहिए।

इसी सत्र के दौरान डॉ. सुहानी ने कैडेटों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता (हेल्थ एंड हाइजीन) विषय पर विस्तृत और व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने एक स्वस्थ जीवनशैली के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, पर्याप्त नींद तथा मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही जीवन में सफलता की पहली सीढ़ी होते हैं।

कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजीव थॉमस के कुशल नेतृत्व में आयोजित यह वार्षिक प्रशिक्षण शिविर युवाओं में राष्ट्रभक्ति, जिम्मेदारी, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और बेहतरीन टीम भावना विकसित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रहा है। इस विशेष अवसर पर एसएम अनिल कुमार, जेसीओ अतीक रहमान, एएनओ अंजना ठाकुर, नीरज राठौर, सुमन तथा विकास शर्मा सहित बटालियन के अन्य सैन्य स्टाफ सदस्य व गणमान्य व्यक्ति मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।