नाहन: तेज रफ्तार बाइक की आल्टो से टक्कर, पच्छाद के दो लोग घायल

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला मुख्यालय नाहन के अंतर्गत आने वाले दोसड़का क्षेत्र में लापरवाही और तेज रफ्तारी का एक गंभीर मामला सामने आया है। गलत दिशा से आ रहे एक मोटरसाइकिल ने सामने से आ रही आल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए हैं, जबकि टक्कर के बाद बाइक पर सवार तीनों युवक मौके से किसी अन्य निजी वाहन में बैठकर फरार हो गए। पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

शिकायतकर्ता कुलदीप सिंह (पुत्र राजेन्द्र सिंह, निवासी गांव कलसेर, डाकघर गागल शिकोर, तहसील पच्छाद) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना 9 नवंबर को शाम करीब 3:30 बजे की है। वह अपनी गाड़ी (नंबर HP 71-5479) से कालाअंब से अपने घर की ओर लौट रहे थे। जैसे ही वह दोसड़का मोड़ से दो मोड़ पीछे पहुंचे, तो रेणुका-दोसड़का की ओर से एक काले रंग की आल्टो कार (नंबर HP 64 D-2175) अपनी बाईं तरफ सही दिशा में आ रही थी। इसी दौरान नाहन की ओर से एक मोटरसाइकिल (नंबर HP 18 A-7494) पर तीन लड़के सवार होकर तेज रफ्तार में आए और अपनी लेन छोड़कर गलत दिशा में जाकर सीधे सही दिशा में आ रही आल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद आल्टो कार के चालक विजेंद्र सिंह को हल्की चोटें आईं, जबकि कार में सवार सुषमा के सिर पर गंभीर चोट लगी है। प्रत्यक्षदर्शियों और शिकायत के अनुसार, टक्कर मारने के बाद बाइक पर सवार तीनों लड़के मौके पर ही बाइक छोड़कर किसी अन्य प्राइवेट गाड़ी में बैठकर फरार हो गए। शुरुआती जांच में बाइक चालक की पहचान अरुण के रूप में हुई है, जबकि बाइक का नंबर HP 18 A-7494 दर्ज पाया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने बाइक चालक अरुण की तेज रफ्तारी और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण मानते हुए थाना नाहन में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार युवकों की तलाश कर रही है और मामले की गहनता से जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।