सोलन: हिमाचल प्रदेश के कसौली स्थित द लॉरेंस स्कूल, सनावर में रविवार को 7वीं टूर डी सनावर माउंटेन बाइकिंग (MTB XCO) प्रतियोगिता का शानदार समापन हुआ। 179 साल पुराने इस ऐतिहासिक परिसर में आयोजित चुनौतीपूर्ण क्रॉस-कंट्री साइकिलिंग रेस में 180 स्कूली और ओपन कैटेगरी के खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपने साहस और दमखम का परिचय दिया।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन द लॉरेंस स्कूल और द ओल्ड सनावरियन सोसाइटी ने संयुक्त रूप से किया, जिसे हीरो साइकल्स, हार्टेक, फोर्टिस ग्रुप और गोपाल स्वीट्स का सहयोग मिला।

3 से 6 किमी का चुनौतीपूर्ण ट्रैक और 50 साल पुरानी विरासत
‘टूर डी सनावर’ का यह रोमांच स्कूल के उस गौरवशाली इतिहास से जुड़ा है, जब 1977 में सनावर के कुछ छात्रों और शिक्षकों ने सामान्य स्टील साइकिलों पर 3,000 किलोमीटर दूर कन्याकुमारी तक की यात्रा पूरी की थी। इसी नेवर गिव इन (कभी हार न मानने) की भावना को कायम रखते हुए इस साल सोमदत्त स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और घने जंगलों के बीच 3 से 6 किलोमीटर का एक मुश्किल ट्रैक तैयार किया गया था। तीखे मोड़, खड़ी चढ़ाई और तेज ढलानों वाले इस ट्रैक पर खिलाड़ियों की सहनशक्ति और कौशल की कड़ी परीक्षा हुई।
देशभर के स्कूलों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में मेजबान सनावर की 72 सदस्यीय टीम के अलावा द लॉरेंस स्कूल लवडेल (ऊटी), भवन विद्यालय (चंडीगढ़), ऑकलैंड हाउस (शिमला) और एटीएस वैली स्कूल (मोहाली) के खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया।
विजेताओं को 3 लाख के इनाम, लक्ष्य जांगिड़ के स्टंट ने किया रोमांचित
समापन समारोह ऐतिहासिक खेतरपाल स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति राजीव भल्ला और ओल्ड सनावरियन सोसाइटी के अध्यक्ष विकास कोहली ने विजेताओं को कुल 3 लाख रुपये के नकद इनाम, साइकिलें और पदक देकर सम्मानित किया।
जूनियर गर्ल्स वर्ग में द लॉरेंस स्कूल, सनावर की उर्मी भट्ट और सीनियर गर्ल्स में भवन विद्यालय, चंडीगढ़ की अदिरा ने बाजी मारी। ओपन विमेन वर्ग में सुरभि, एमेच्योर अंडर-16 में अयाम और ओपन वर्ग में अश्विन पहले स्थान पर रहे। 12 वर्षीय कारिक शर्मा को ‘मोस्ट प्रॉमिसिंग राइडर’ चुना गया, जबकि 10 वर्षीय अगस्त्य पाटिल और 57 वर्षीय संजीव कपूर को उनके खास जज्बे के लिए विशेष सम्मान मिला।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण चार बार के MTB स्टंट विश्व चैंपियन लक्ष्य जांगिड़ का शानदार प्रदर्शन रहा, जिन्होंने अपने हैरतअंगेज स्टंट से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्कूल की प्रधानाचार्या रुचि प्रधान दत्ता ने कहा कि इस आयोजन का मकसद बच्चों में धैर्य, आत्मविश्वास और प्रकृति प्रेम को बढ़ावा देना है।