नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के अंतर्गत पुलिस थाना कालाअंब में एक तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल चालक की लापरवाही के कारण गंभीर सड़क हादसा पेश आया है। यह दुर्घटना बीते 9 जून की सुबह उस समय हुई, जब शिकायतकर्ता प्रेमपाल सिंह (निवासी मोहल्ला गोविंदगढ़, नाहन) अपने काम के सिलसिले में कालाअंब से नाहन की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह आम्बवाला के समीप पहुंचे, तो नाहन की तरफ से बेहद लापरवाही से आ रहे एक बुलेट मोटरसाइकिल चालक ने उनकी बाइक (नंबर HP-18C-6629) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रेमपाल सिंह सड़क पर दूर जा गिरे, जबकि आरोपी बुलेट चालक इंसानियत को ताक पर रखकर मौके से फरार हो गया।
इस दर्दनाक हादसे में शिकायतकर्ता प्रेमपाल सिंह को अत्यंत गंभीर चोटें आई हैं। टक्कर के कारण उनके बाएं हाथ की एक उंगली कट गई और पैर में भी फ्रैक्चर हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद पीड़ित का मेडिकल परीक्षण करवाया गया, जिसमें चिकित्सकों ने उन्हें आई चोटों को गंभीर श्रेणी में रखा है। इलाज और शुरुआती सदमे से उबरने के बाद, पीड़ित की शिकायत पर 14 जुलाई को पुलिस थाना कालाअंब में मामला दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कालाअंब पुलिस ने फरार बुलेट मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों और फरार आरोपी की तलाश के लिए गहन अन्वेषण (जांच) शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ पुलिस उस मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि फरार आरोपी और उसकी बुलेट मोटरसाइकिल की पहचान कर उसे जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।