कालाअंब में चंडीगढ़ से चिट्टा लेकर आ रहे दो युवक गिरफ्तार, KTM बाइक जब्त

नाहन : जिला सिरमौर में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए गए अभियान में डिटेक्शन सैल नाहन की टीम को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को भारी मात्रा में चिट्टे (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोलन निवासी शुभम शर्मा और मंडी निवासी रजत मिश्रा के रूप में हुई है, जो चंडीगढ़ से नशे की खेप लेकर आ रहे थे।

जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल को डिटेक्शन सैल की टीम गश्त पर थी और मादक पदार्थों के व्यापार से जुड़ी गुप्त सूचनाएं एकत्र कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली कि शुभम और रजत नाम के दो युवक अपनी KTM मोटरसाइकिल (HP13-3714) पर चंडीगढ़ से नशे की खेप लेकर उज्जल माजरी बैरियर के रास्ते सराहां-सोलन की तरफ जा रहे हैं। पुलिस ने बिना समय गंवाए जाल बिछाया और संदिग्ध मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका।

तलाशी के दौरान पुलिस टीम उस समय दंग रह गई जब मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया 20.14 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही नशीला पदार्थ और वाहन को कब्जे में लेकर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से एक शुभम शर्मा (30) कंडाघाट, सोलन का रहने वाला है, जबकि रजत मिश्रा (27) जोगिंद्रनगर, मंडी का निवासी है।

इस मामले में पुलिस थाना कालाअंब में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (ND&PS ACT) की धारा 21 और 29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। जांच टीम का मुख्य फोकस अब इस बात पर है कि यह नशे की खेप चंडीगढ़ में उन्हें किसने मुहैया करवाई थी और इसे आगे किन लोगों को बेचा जाना था, ताकि इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।