शिमला: APG शिमला विश्वविद्यालयमें नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए आयोजित बहुप्रतीक्षित ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दूसरे दिन बुधवार को परिसर में जबरदस्त उत्साह और प्रेरणा का माहौल देखने को मिला। इस विशेष अवसर पर प्रदेश के प्रतिष्ठित समाचार पत्र दिव्य हिमाचल के शिमला ब्यूरो चीफ राजेश मंडोत्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान जहाँ विशेषज्ञों ने नए छात्रों को करियर की नई बुलंदियों को छूने के गुर सिखाए, वहीं विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक विविधता और समृद्ध इतिहास से भी रूबरू कराया।

छात्रों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजेश मंडोत्रा ने कहा कि आज का दौर तकनीक और तीव्र बदलावों का दौर है। उन्होंने कहा कि आज के अत्यधिक प्रतिस्पर्धी दौर में केवल किताबी ज्ञान काफी नहीं है, बल्कि व्यवहारिक ज्ञान और बेहतरीन संवाद कौशल ही आपको भीड़ से अलग पहचान दिलाते हैं। सफलता की ऊँचाइयों को छूते समय हमें अपने देश की समृद्ध संस्कृति, नैतिक मूल्यों और परंपराओं का आदर करना कभी नहीं भूलना चाहिए, क्योंकि यही संस्कार हमें एक बेहतर नागरिक बनाते हैं।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के डीन फैकल्टी प्रो. डॉ. अश्वनी शर्मा ने विश्वविद्यालय की बहुसांस्कृतिक पहचान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि शिमला विश्वविद्यालय केवल हिमाचल प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के कोने-कोने से आए युवाओं और विदेशी छात्रों का भी पसंदीदा अध्ययन केंद्र है, जो सही मायनों में ‘मिनी भारत’ का रूप प्रस्तुत करता है।
डॉ. शर्मा ने नए छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नव-प्रवेशित छात्रों को विश्वविद्यालय के माहौल, यहाँ की उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रणाली, अनुभवी प्राध्यापकों और शिमला की मनमोहक पृष्ठभूमि से भली-भांति परिचित कराना है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि परिसर में छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए एक सकारात्मक और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध है।
इस गरिमापूर्ण कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सलाहकार इंजीनियर सुमन विक्रांत, डीन एकेडमिक्स प्रो. डॉ. आनंद मोहन शर्मा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. डॉ. नीलम शर्मा, विधि विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. भावना वर्मा, पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्यार सिंह, वरिष्ठ मीडिया मैनेजर डॉ. विजयश्री सहित सभी संकायों के विभागाध्यक्ष और प्राध्यापक विशेष रूप से उपस्थित रहे।