खलोगड़ा कोऑपरेटिव सोसाइटी के इतिहास में पहली बार सातों जोन में हुई वोटिंग, जानें कौन कहां से जीता

Photo of author

By Hills Post

सोलन: कुमारहट्टी स्थित खलोगड़ा कोऑपरेटिव सोसाइटी के चुनाव नतीजे घोषित हो गए हैं। इस बार का चुनाव सोसाइटी के इतिहास में बेहद खास रहा क्योंकि पहली बार आपसी सहमति न बन पाने के कारण सभी सात जोन में मतदान कराना पड़ा। 21 अक्टूबर को हुए इन चुनावों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कई सीटों पर काफी दिलचस्प मुकाबले देखने को मिले।

नतीजों पर नजर डालें तो जोन 1 (कोरों) से जय किशन ने 95 वोट हासिल कर ओम प्रकाश को हराया, जिन्हें 44 वोट मिले। जोन 2 (खिल जाशाली) में पूर्ण चंद 91 वोटों के साथ विजयी रहे, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी राजकुमार को 58 वोट मिले। जोन 3 (खाली कुमारहट्टी) में बालवीर वर्मा ने 117 वोट पाकर शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने राजकुमार (76 वोट) और दिलीप कुमार (45 वोट) को पीछे छोड़ा।

जोन 4 (बड़ोग) में मुकाबला कई उम्मीदवारों के बीच था। यहां प्रदीप 58 वोटों के साथ विजेता बने, जबकि गुरुदेव शर्मा को 38, अनूप को 30 और धर्मपाल को 23 वोट ही मिल सके। जोन 5 (सुल्तानपुर) से सुरेंद्र ठाकुर ने 76 वोट पाकर दयाराम (63 वोट) को शिकस्त दी। सबसे बड़ी जीत जोन 6 (कतल कथार) में देखने को मिली, जहां बलवंत सिंह ने 103 वोट हासिल कर जियालाल को 70 वोटों के भारी अंतर से हराया। जियालाल को सिर्फ 33 वोट मिले। इसके अलावा जोन 7 (रिहूं बोहली) से संजीव कुमार ने 139 वोट पाकर मोहनलाल कंवर (113 वोट) को कड़े मुकाबले में मात दी।

सोसाइटी के इतिहास में पहली बार सभी सीटों पर मतदान होने को एक अहम लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है। नतीजों के बाद जीतने वाले उम्मीदवारों और उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। सभी विजयी प्रत्याशियों ने मतदाताओं का शुक्रिया अदा किया और किसानों के हितों, सोसाइटी के विकास और कामकाज में पारदर्शिता लाने का भरोसा दिलाया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।