मार्च 2027 तक बेसहारा गोवंश मुक्त बनेगा सिरमौर: उपायुक्त

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन, 22 अक्टूबर 2026: जिला सिरमौर में बेसहारा गोवंश के नियंत्रण एवं पुनर्वास के संबंध में जिला समन्वय समिति (DCC) की बैठक आज उपायुक्त कार्यालय, नाहन में उपायुक्त सिरमौर, प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम नाहन, राजीव सांख्यान भी उपस्थित रहे।

बैठक में पशु स्वास्थ्य एवं प्रजनन विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजीव वालिया ने जिले में बेसहारा गोवंश की स्थिति एवं पुनर्वास संबंधी आंकड़े प्रस्तुत किए। प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, जिले की 228 ग्राम पंचायतों में 302 बेसहारा गोवंश दर्ज किए गए हैं तथा जिले में 17 गौशालाएं/गौसदन हैं, जिनकी सूचित क्षमता 1,540 पशुओं की है।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से मार्च 2027 से पहले जिला सिरमौर को बेसहारा गोवंश मुक्त बनाने की दिशा में समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 8 सितंबर 2026 से अब तक 43 बेसहारा गोवंश को कोटला बड़ोग गौशाला में स्थानांतरित किया जा चुका है। यह अभियान आगे भी निरंतर अभियान मोड में जारी रहेगा, ताकि बेसहारा गोवंश का व्यवस्थित पुनर्वास सुनिश्चित किया जा सके।

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु नाहन शहर तथा नाहन–पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया। बैठक में पशु मालिकों की पहचान, कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन, पशुओं की टैगिंग एवं पंजीकरण तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।