गुरु गोबिंद सिंह कॉम्प्लेक्स नाहन में प्राथमिक छात्रों के लिए नि:शुल्क ट्यूशन कक्षाएं शुरू

Photo of author

By Hills Post

नाहन: गुरु गोबिंद सिंह कॉम्प्लेक्स में कक्षा पहली से पांचवीं तक के स्कूली बच्चों के लिए आज से नि:शुल्क ट्यूशन कक्षाओं की सराहनीय शुरुआत की गई है। यह जनहितैषी सेवा साँझ ट्रस्ट द्वारा नाहन गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के विशेष सहयोग से आरंभ की गई है, जिसका उद्देश्य प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सहयोग प्रदान करना है।

इस परोपकारी पहल का विधिवत शुभारंभ आज ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब नाहन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान किया गया। इस अवसर पर साँझ ट्रस्ट द्वारा उपस्थित बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नए स्कूल बैग भी उपहार स्वरूप प्रदान किए गए। नि:शुल्क ट्यूशन के साथ स्कूल बैग पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

आयोजकों ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरु गोबिंद सिंह कॉम्प्लेक्स में यह नि:शुल्क ट्यूशन कक्षाएं कल से नियमित रूप से प्रतिदिन शाम 4 बजे संचालित की जाएंगी। साँझ ट्रस्ट और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की इस संयुक्त मुहीम की स्थानीय नागरिकों व अभिभावकों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है। इस पहल से विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को अपनी पढ़ाई सुदृढ़ करने में बड़ी मदद मिलेगी।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।