चूड़धार यात्रा के दौरान हादसा: 300 मीटर गहरी खाई में गिरने से 27 वर्षीय युवती की मौत

Photo of author

By पंकज जयसवाल

शिमला : हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चूड़धार यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मुंडाह लानी (मुंडाह नाला) के समीप पैदल यात्रा कर रही शिमला जिला के चायल निवासी 27 वर्षीय युवती का अचानक पैर फिसल गया, जिससे वह करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवती को नागरिक अस्पताल चौपाल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान प्रेषिता मेहता (27), पुत्री शैलेन्द्र मेहता, निवासी गांव व डाकघर चायल, जिला शिमला के रूप में हुई है। प्रेषिता अपने दो अन्य साथियों (एक युवक और एक युवती) के साथ सिरमौर और शिमला जिला की सीमा पर स्थित पवित्र चूड़धार यात्रा के लिए निकली थी।

मुंडाह लानी के कठिन व ढांक वाले रास्ते पर पैदल चलते समय अचानक युवती का संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह सीधे खाई में लुढ़क गई। युवती के खाई में गिरते ही साथ चल रहे साथियों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने तुरंत स्थानीय लोगों और प्रशासन को घटना की सूचना दी।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से युवती को कड़ी मशक्कत के बाद गहरी खाई से बाहर निकाला गया और तुरंत एंबुलेंस/वाहन के जरिए नागरिक अस्पताल चौपाल लाया गया। हालांकि, अत्यधिक ऊंचाई से गिरने और सिर व शरीर पर आई गंभीर चोटों के कारण अस्पताल पहुँचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही चौपाल थाना पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया है। चौपाल पुलिस मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर रही है, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।