विरोध के बाद नौणी विश्वविद्यालय ने UG और PG पाठ्यक्रमों की फीस में कटौती कर दी राहत

Photo of author

By Hills Post

सोलन: विद्यार्थियों के विरोध, प्रदर्शनों और विचार-विमर्श के बाद डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी प्रशासन ने आखिरकार बड़ा फैसला लेते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए संशोधित फीस संरचना जारी कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) दोनों स्तरों पर सामान्य और सेल्फ-फाइनेंसिंग सीटों की बढ़ाई गई फीस में बड़ी कटौती की गई है, जिससे प्रवेश लेने वाले हजारों छात्रों और उनके अभिभावकों को बहुत बड़ी राहत मिली है।

विश्वविद्यालय द्वारा जारी की गई नई दरों के तहत स्नातक पाठ्यक्रमों में सामान्य सीट की प्रति सेमेस्टर फीस को पहले बढ़ाकर ₹68,700 कर दिया गया था, जिसे अब घटाकर ₹49,500 तय किया गया है। इससे छात्रों को प्रति सेमेस्टर ₹19,200 की सीधी राहत मिलेगी। सेल्फ-फाइनेंसिंग सीट की प्रति सेमेस्टर फीस ₹1.27 लाख से घटाकर ₹99,990 कर दी गई है, जिससे शुल्क में ₹27 ,010 की कमी आई है।

स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर की सीटों पर भी सामान्य सीट की प्रति सेमेस्टर फीस ₹87,000 से घटाकर ₹55,000 कर दी गई है, जिससे छात्रों को ₹32,000 की राहत मिलेगी। जबकि सेल्फ-फाइनेंसिंग सीट की प्रति सेमेस्टर फीस ₹1.42 लाख से घटाकर ₹1.05 लाख कर दी गई है, यानी इसमें सीधे ₹37,000 की कटौती की गई है।

हाल ही में विश्वविद्यालय द्वारा की गई अप्रत्याशित फीस वृद्धि के कारण छात्रों और अभिभावकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा था। प्रवेश प्रक्रिया के अंतिम चरण में अचानक इस कटौती से अब अभ्यर्थियों को बड़ी वित्तीय राहत मिली है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।