सिरमौर के कोटडी व्यास स्कूल ने हिमाचल को दिए 6 रग्बी कप्तान

Photo of author

By Hills Post

नाहन: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के ग्रामीण इलाकों के बच्चों ने खेल की दुनिया में एक ऐसा शानदार मुकाम हासिल किया है, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटडी व्यास के छात्र-छात्राओं ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति लगन के दम पर पिछले दो वर्षों में हिमाचल प्रदेश रग्बी टीम को कुल 6 कप्तान दिए हैं। सीमित संसाधन होने के बावजूद इन ग्रामीण प्रतिभाओं का प्रदर्शन वाकई असाधारण है।

रग्बी जगत में चमक रहे हिमाचल के ये 6 सितारे

स्नेहा पुत्री श्री सलिंदर, चांदपुर, वर्तमान में नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में एसजीएफआई (SGFI) अंडर-19 टीम की कप्तानी कर रही हैं।

अंकिता पुत्री श्री राजकुमार, चांदपुर, हिमाचल प्रदेश अंडर-18 ओपन वर्ग रग्बी टीम की पूर्व कप्तान रह चुकी हैं।

स्नेहा पुत्री स्वर्गीय हेमराज, निचली कोटडी, हिमाचल प्रदेश अंडर-18 ओपन वर्ग रग्बी टीम की कप्तान रहीं और इसके साथ ही वर्तमान में अंडर-19 गर्ल्स हैंडबॉल नेशनल गेम्स (2025-26) में स्वर्ण पदक (Gold Medalist) विजेता भी हैं।

दीपिका पुत्री श्री बबर राज, उपरली कोटडी, भुवनेश्वर में आयोजित प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश अंडर-15 ओपन रग्बी टीम की कप्तान रहीं।

दिव्यांशी पुत्री श्री पवन, चांदपुर, दिल्ली में आयोजित होने वाले SGFI गेम्स 2026 के लिए हिमाचल प्रदेश अंडर-17 गर्ल्स रग्बी टीम की वर्तमान कप्तान हैं।

आर्यन पुत्र श्री राज, उपरली कोटडी, दिल्ली में आयोजित होने वाले SGFI गेम्स 2026 के लिए हिमाचल प्रदेश अंडर-19 रग्बी टीम के वर्तमान कप्तान हैं।

मात्र 25 परिवारों के छोटे से गांव चांदपुर की बड़ी उड़ान

यह बात अपने आप में बहुत खास है कि महज 25 परिवारों की छोटी सी आबादी वाले गांव चांदपुर से रग्बी जैसे खेल में तीन खिलाड़ियों का हिमाचल प्रदेश की कैप्टनशिप करना, देश भर के ग्रामीण इलाकों के लिए एक बड़ी मिसाल है। इन युवाओं ने साबित कर दिया है कि कामयाबी के लिए बड़े शहरों या महंगी सुविधाओं की नहीं, बल्कि मजबूत इरादों और सही मार्गदर्शन की जरूरत होती है।

कोच और स्कूल परिवार ने दी बधाई

खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक कामयाबी के पीछे विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक और मुख्य कोच धर्मेंद्र चौधरी की कड़ी मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन का बड़ा योगदान रहा है।

इस गौरवशाली उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी, पूरे स्कूल स्टाफ, एसएमसी अध्यक्ष मान सिंह, स्थानीय अभिभावकों और खेल प्रेमियों सुखविंदर चौधरी, पवन कुमार, मानसिंह, पूर्व प्रधान सुरेश कुमार, हतिंदर कुमार और राजेश कुमार ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।