नई दिल्ली: विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित भव्य अलंकरण समारोह में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने विभिन्न कला क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली देश की महान विभूतियों को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से अलंकृत किया। इस गरिमामयी समारोह में हिमाचल प्रदेश, विशेषकर सिरमौर की समृद्ध एवं विलुप्तप्राय लोक सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए समर्पित अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार डॉ. जोगेंद्र हाब्बी को लोक नृत्य के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार प्रदान किया गया।

समारोह का शुभारंभ राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल तथा संगीत नाटक अकादमी की अध्यक्ष डॉ. संध्या पुरेचा सहित देश की अनेक गणमान्य हस्तियां उपस्थित रहीं।
तीन दशकों से सिरमौरी हाटी संस्कृति को दिला रहे हैं पहचान
पद्मश्री से सम्मानित वरिष्ठ साहित्यकार विद्यानन्द सरैक तथा उस्ताद बिस्मिल्लाह खां पुरस्कार से सम्मानित लोक कलाकार गोपाल हाब्बी ने एक संयुक्त बयान जारी कर इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि डॉ. हाब्बी के नेतृत्व में लोक कलाकारों ने पिछले 30-35 वर्षों से रीमिक्स और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक संगीत से दूर रहकर पारंपरिक लोकवाद्यों, लोक परिधानों, लोकगीतों और लोकनृत्यों की मौलिक शुद्धता को बनाए रखा है। उनके इन प्रयासों से सिरमौरी नाटी और हाटी संस्कृति को देश-विदेश में एक विशिष्ट पहचान मिली है।
सिरमौरी नाटी को वैश्विक मंचों पर पहुँचाने और इसके संरक्षण के लिए किए गए सफल प्रयासों के लिए उन्हें विभिन्न अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड्स में भी स्थान मिला है। उनकी इसी दीर्घकालीन सांस्कृतिक साधना के लिए एक विदेशी विश्वविद्यालय द्वारा उन्हें डॉक्टरेट की मानद उपाधि से भी नवाजा जा चुका है।
प्रदेश भर के लोक कलाकारों ने दी बधाई
पद्मश्री विद्यानन्द सरैक, गोपाल हाब्बी तथा हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों के सैकड़ों लोक कलाकारों ने डॉ. जोगेंद्र हाब्बी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह राष्ट्रीय सम्मान हिमाचल की समृद्ध लोक कलाओं के संरक्षण और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के प्रयासों को एक नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा।