सोलन: शनिवार को कंडाघाट स्थित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में वार्षिक समारोह और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम द ग्रेट मोज़ेक बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम की मुख्य थीम हर बच्चा एक अनूठा हिस्सा है, मिलकर हम एक उत्कृष्ट कृति बनाते हैं रही, जिसके तहत विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
समारोह में कंडाघाट के एसडीएम गोपाल शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उनके साथ विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता और समिति सदस्य प्रमोद कुमार व मुकेश कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

विविधता में एकता का संदेश
प्रधानाचार्या रूपाली साहा के नेतृत्व में कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना से हुई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने बंगाली, राजस्थानी, तेलुगु और पंजाबी भांगड़ा के अलावा ओडिसी शास्त्रीय नृत्य और पारंपरिक हिमाचली नाटी प्रस्तुत कर भारत की सांस्कृतिक विविधता की खूबसूरत तस्वीर पेश की। इसके साथ ही नन्हे बच्चों की ‘नेचर बैले’, बैंड की प्रस्तुति, रोबोटिक्स शो और नाटक ‘द इम्पर्सनेटर’ ने भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
होनहार विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम का अहम हिस्सा वार्षिक पुरस्कार वितरण रहा, जहां एसडीएम गोपाल शर्मा ने साल भर शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। स्कूल कोऑर्डिनेटर ऋचा डेसू ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़कर स्कूल की साल भर की उपलब्धियों की जानकारी दी।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्या रूपाली साहा ने कहा कि स्कूल का लक्ष्य हर बच्चे की छिपी हुई प्रतिभा को निखारना और उन्हें आगे बढ़ने के सही मौके देना है। इस दौरान एसडीएम गोपाल शर्मा और प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता ने भी बच्चों की जमकर हौसलाअफजाई की। समारोह का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।