सोलन: जिला सोलन में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर धर्मपुर थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक महिंद्रा पिकअप से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है।
पुलिस टीम ने जब पिकअप की तलाशी ली, तो उसमें से ‘पटियाला संतरा’ मार्का देसी शराब की कुल 197 पेटियां बरामद हुईं। इस खेप में 2,375 बोतलें (अधिये) और 4,900 पव्वे शामिल थे।

दस्तावेज नहीं दिखा पाया चालक
पिकअप चालक की पहचान 37 वर्षीय पवन कुमार के रूप में हुई है, जो बद्दी तहसील के बड़ोया डाकखाना ईखु का रहने वाला है। पुलिस ने जब चालक से इतनी बड़ी मात्रा में शराब ले जाने के संबंध में वैध दस्तावेज और परमिट मांगे, तो वह कुछ भी पेश नहीं कर सका।
वाहन और शराब जब्त, मामला दर्ज
दस्तावेज न मिलने पर धर्मपुर थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पिकअप वाहन और उसमें लदी पूरी शराब को तुरंत जब्त कर लिया। चालक पवन कुमार से इस सिलसिले में गहन पूछताछ की गई और उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर नियमानुसार पाबंद किया गया है।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड तो नहीं है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।