नाहन : कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हों और इरादे मजबूत, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है धारटीधार क्षेत्र के थाना कसोगा के तहत आने वाले पलगानी गांव की दो सगी बहनों ने। गांव की बेटियों साक्षी शर्मा और पूनम शर्मा ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (TGT) पास कर पूरे इलाके का नाम रोशन किया है।
अभी कुछ दिन पहले ही घोषित हुए टीजीटी नॉन-मेडिकल के परिणाम में पूनम शर्मा ने सफलता हासिल की थी, वहीं अब HPRCA द्वारा जारी टीजीटी आर्ट्स (TGT Arts) के ताजा परिणाम में उनकी सगी बहन साक्षी शर्मा ने भी परीक्षा पास कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा लिया है। एक ही घर से दो सगी बहनों का सरकारी शिक्षक के पद पर चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है।

साक्षी और पूनम के पिता राम किशन शिक्षा के महत्व को बखूबी समझते हैं, वे स्वयं एक प्राइमरी स्कूल में अध्यापक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। वहीं, उनकी माता निर्मला देवी एक कुशल गृहणी (हाउस वाइफ) हैं, जिन्होंने अपनी बेटियों की पढ़ाई और परवरिश में कोई कसर नहीं छोड़ी। माता-पिता ने बताया कि बेटियों की इस उपलब्धि से उनकी जिंदगी भर की कमाई और मेहनत सफल हो गई है।
दोनों बहनों की प्रारंभिक शिक्षा ददाहू के एकेएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल (AKM School +2) से पूरी हुई। इसके बाद की उच्च शिक्षा उन्होंने नाहन से प्राप्त की। दोनों बहनें अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन और अपनी कड़ी मेहनत को देती हैं।
इस ऐतिहासिक सफलता पर क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोगों और ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की है तथा होनहार बेटियों और उनके माता-पिता को बधाई संदेश भेजे हैं।