नाहन : उपमंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत आते थाना माजरा क्षेत्र के धौलाकुआं में एक तेज रफ्तार कार ने दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई है, जबकि दूसरा घायल है। पुलिस ने कार चला रही महिला के खिलाफ लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पुष्पेंद्र (26), निवासी गांव जाटोंवाला (कोलर), ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6:15 बजे वह अपने चचेरे भाई वंश के साथ धौलाकुआं से घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पांवटा साहिब की तरफ से आ रही एक कार (नंबर HP17H-8343) ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। चश्मदीदों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी अधिक थी और उसे एक महिला चला रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे के तुरंत बाद परिजन घायलों को उपचार के लिए ले गए। पुष्पेंद्र को नाहन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि वंश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद वंश को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश देहरादून ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर से जाटोंवाला क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि महिला चालक वाहन को बेहद लापरवाही और गलत दिशा में चला रही थी, जिसके कारण यह हादसा पेश आया। पुलिस ने कार चालक महिला के विरुद्ध संबंधित कानूनी धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।