नाहन : कालाअंब–नाहन राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर मोगीनंद स्थित फीनिक्स कंपनी के पास भारी भूस्खलन होने के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क के असुरक्षित होने के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से इस प्रभावित हिस्से से डबल एक्सल वाहनों, ट्रालों, टिप्परों और डंपरों (चाहे वे लदे हों या खाली) की आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। प्रशासन ने ऐसे सभी भारी वाहनों को खिजराबाद (हरियाणा) के वैकल्पिक मार्ग से आवाजाही करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन के आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था पर पैनी नजर रखने के लिए 30 अक्टूबर की देर रात डीएसपी नाहन शक्ति सिंह ने स्वयं ‘जुड्डा का जोहड़’ के समीप नाका स्थापित किया। इस दौरान डीएसपी नाहन ने देर रात तक मौके पर मुस्तैद रहकर प्रतिबंधों के अनुपालन और सुचारू यातायात प्रबंधन की जमीनी स्तर पर निगरानी की।

सिरमौर पुलिस ने कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जब तक राष्ट्रीय राजमार्ग को भारी वाहनों के लिए पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं कर दिया जाता, तब तक यह प्रतिबंध सख्ती से लागू रहेगा।
पुलिस अधीक्षक, जिला सिरमौर ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था व जनसुरक्षा बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।