सोलन: बद्दी पुलिस द्वारा क्षेत्र में नशा तस्करों और ड्रग माफिया के विरुद्ध अपनाई जा रही जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसी कड़ी में बद्दी पुलिस के थाना नालागढ़ और थाना रामशहर के अंतर्गत दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में चिट्टे (हेरोइन) के साथ चार शातिर नशा तस्करों को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है।

पहला मामला नालागढ़ थाना क्षेत्र
बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल-X और पुलिस थाना नालागढ़ की संयुक्त टीम ने एक पुख्ता गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जुगराल होटल के पास एक संदिग्ध टाटा योद्धा पिकअप वाहन संख्या HP12Q-7343 को रोककर नियमानुसार उसकी तलाशी ली। वाहन की गहन तलाशी के दौरान उसके गियर लीवर बॉक्स के पास चालाकी से छिपाकर रखे गए एक पॉलीथिन से पुलिस ने 56.13 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया। इस अवैध नशे की खेप को ले जा रहे दोनों आरोपियों को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया तथा प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मंगा सिंह निवासी गांव लोहकेकलां, तहसील जीरा, जिला फिरोजपुर, पंजाब व रिंकू सिंह निवासी गांव भूशी, थाना सराए अमानत खान, जिला तरनतारन, पंजाब के रूप में हुई है।
दूसरा मामला रामशहर थाना क्षेत्र
पुलिस थाना रामशहर की टीम द्वारा गश्त के दौरान प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर जांडू पुल के पास एक होंडा एक्टिवा स्कूटी संख्या HP52C-9175 के साथ खड़े दो संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 1.34 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और दो सिरिंज बरामद की गईं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया है। इनकी पहचान राज राय निवासी गांव नवाबगढ़, तहसील विकासनगर, जिला देहरादून, उत्तराखंड, मोहित सेन निवासी गांव शेमलेग, डाकघर रामपुर कनथोल, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।
दोनों मामलों के संबंध में पुलिस ने संबंधित थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिए हैं। पुलिस द्वारा इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों और तस्करों के पुराने नेटवर्क का पता लगाने के लिए गहन जांच जारी है।