सोलन: उपमंडल नालागढ़ के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नंगल में आयोजित अंडर-14 खेल प्रतियोगिता में 32 स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस रोमांचक प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजेहरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। पंजेहरा की टीम विजेता रही राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला राजपुरा की टीम से मात्र 6 अंकों के अंतर से पीछे रही। नालागढ़ उपमंडल के विधायक हरदीप सिंह बावा ने प्रतियोगिता के दौरान विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजेहरा की प्राचार्या श्रीमती संगीता ने विद्यालय की प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को नशे जैसी बुरी आदतों से हमेशा दूर रहना चाहिए और पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने स्कूल के पीईटी रामपाल और डीपीई जसपाल सिंह राणा को इस शानदार सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि यह उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है कि स्कूल की टीम उपविजेता बनी है। इसके साथ ही उन्होंने इस सफलता में सहयोग देने के लिए समस्त स्कूल स्टाफ की भी सराहना की।