सोलन : पुलिस जिला बद्दी के अंतर्गत नालागढ़ थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई फायरिंग की तीन अलग-अलग वारदातों को सुलझाते हुए बद्दी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक स्कॉर्पियो गाड़ी (PB 65 BL 9086), 5 मोबाइल फोन, एक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में उपकार सिंह (29) व देवेंद्र सिंह (34) निवासी आनंदपुर साहिब (पंजाब), अमृतपाल सिंह (32) निवासी रूपनगर (पंजाब) और राजिंदर कुमार (29) निवासी घुमारवीं (हिमाचल प्रदेश) शामिल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नालागढ़ क्षेत्र में फायरिंग की पहली घटना 14-15 अक्टूबर की रात गांव बूटा पलासी में रणवीर सिंह के घर के बाहर हुई थी, जहां बाइक सवारों ने दो राउंड हवाई फायर किए थे। इसके बाद 23-24 अक्टूबर की रात इसी गांव में मनप्रीत सिंह के घर के बाहर चार फायर किए गए, जिनमें से दो गोलियां उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी में लगीं। तीसरी घटना 25 अक्टूबर को गांव गोल जमाला स्थित ‘यूसुफ एंटरप्राइजेज’ में हुई, जहां पल्सर बाइक पर आए नकाबपोशों ने कंपनी के मुख्य गेट पर करीब पांच राउंड फायर किए थे।

घटनाओं की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान के निर्देशों पर विशेष पुलिस, साइबर और तकनीकी टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर 29 अक्टूबर को चारों आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि इन वारदातों के पीछे मुख्य गैंग लीडर कौन है और हथियारों की सप्लाई कहां से हुई थी।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, दहशत फैलाने या फिरौती मांगने वाले अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को भी फिरौती या धमकी भरा फोन आता है, तो बिना किसी डर के तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या बद्दी पुलिस को सूचित करें।