नालागढ़ के पंजैहरा स्कूल में वार्षिक समारोह, विधायक बाबा बोले शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश में नालागढ़ उपमंडल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजैहरा में शुक्रवार को वार्षिक परितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नालागढ़ के मौजूदा विधायक सरदार हरदीप सिंह बाबा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। समारोह में पंजैहरा कलस्टर के तहत आने वाले प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। बच्चों की सरस्वती वंदना के बाद स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती संगीता ने वार्षिक रिपोर्ट पेश की। समारोह का मुख्य आकर्षण बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे, जिनमें भांगड़ा, हिमाचली नाटी और गिद्दा देखकर वहां मौजूद सभी लोग झूम उठे। मंच का संचालन कर रहे हिंदी के प्रवक्ता डॉ. जयपाल ठाकुर ने भी अपने पहाड़ी लोक गीत से ऐसा समां बांधा कि मुख्य अतिथि ने खुद उनकी प्रस्तुति की जमकर तारीफ की। विधायक हरदीप सिंह बाबा ने बच्चों के प्रदर्शन को शानदार बताते हुए कहा कि उन्होंने अन्य स्कूलों के कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया है, लेकिन पंजैहरा स्कूल के बच्चों की प्रस्तुति सबसे बेहतरीन रही।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने बच्चों को जीवन में शिक्षा का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा एक ऐसी पूंजी है जिसे न कोई छीन सकता है और न ही कोई बांट सकता है। यह जीवन के अंतिम समय तक इंसान का साथ निभाती है। विधायक ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने और कड़ी मेहनत से अपना मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने पढ़ाई, खेलकूद और सांस्कृतिक क्षेत्र में स्कूल का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इस खास मौके पर स्कूल के विकास में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए कॉमर्स के प्रवक्ता श्याम लाल और शारीरिक शिक्षक रामपाल को विशेष पुरस्कार से नवाजा गया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती संगीता ने सभी मेहमानों और अभिभावकों का आभार जताया। समारोह में पंजैहरा पंचायत के प्रधान राम कुमार शर्मा, उप प्रधान, एसएमसी प्रधान सदन पाल, घड्याच पंचायत के प्रधान, कलस्टर स्कूलों के अध्यापक, स्कूल का पूरा स्टाफ और बड़ी संख्या में अभिभावक व बच्चे मौजूद रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।