नाहन : चम्बा मैदान स्थित बहुउद्देशीय इनडोर स्टेडियम में बास्केटबॉल पोल स्थापित करने को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। बीते दिन बैडमिंटन खिलाड़ियों द्वारा इस योजना के विरोध में ज्ञापन सौंपे जाने के बाद, अब सिरमौर जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन ने भी मोर्चा संभालते हुए उपायुक्त सिरमौर को एक ज्ञापन सौंपा है। एसोसिएशन ने इनडोर स्टेडियम में बास्केटबॉल पोल लगाने और खिलाड़ियों को अभ्यास की अनुमति देने की मांग की है।
वर्ष 2020 में लगभग ₹8 करोड़ की लागत से बने इस इनडोर स्टेडियम में सुविधाओं को लेकर अब दो प्रमुख खेलों के खिलाड़ी आमने-सामने आ गए हैं। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि 2020 में जब स्टेडियम बना था, तब बास्केटबॉल खेल के लिए भी कोर्ट की बाकायदा मार्किंग की गई थी। जिला के बास्केटबॉल खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में इनडोर स्टेडियम में स्थायी बास्केटबॉल पोल/रिंग न होने से उनके नियमित अभ्यास और भविष्य पर असर पड़ रहा है।

इससे पहले बैडमिंटन खिलाड़ियों ने DC को ज्ञापन देकर आशंका जताई थी कि इनडोर स्टेडियम में बास्केटबॉल खेलने से वहाँ बिछाया गया महंगा सिंथेटिक मैट खराब हो जाएगा। उनका यह भी कहना था कि बास्केटबॉल के लिए शहर में पहले से आउटडोर कोर्ट उपलब्ध है, इसलिए बैडमिंटन हॉल में बास्केटबॉल पोल लगाना सही नहीं है।
एक तरफ जहाँ बास्केटबॉल खिलाड़ी अपनी ट्रेनिंग और सुविधाओं के लिए स्टेडियम में पोल लगाने की मांग कर रहे हैं, वहीं बैडमिंटन खिलाड़ी कोर्ट और मैट के नुकसान का हवाला देकर इसका विरोध कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन दोनों खेलों के खिलाड़ियों के हितों का ध्यान रखते हुए इस विवाद का क्या बीच का रास्ता या समाधान निकालता है।