सोलन में पुलिस नाका तोड़कर भाग रहे संदिग्ध ने निगली चिट्टे की पूरी खेप, अस्पताल में मौत; 3 साथी गिरफ्तार

सोलन : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के बरोटीवाला में बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स टीम द्वारा की गई नाकाबंदी के दौरान मादक पदार्थ तस्करी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की टीम बरोटीवाला टोल बैरियर के पास वाहनों की गहन जांच कर रही थी। इसी दौरान हरियाणा की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार (HR 05AH 9078) नाके के पास पहुंची। पुलिस टीम ने जब कार चालक को रुकने का इशारा किया, तो उसने गाड़ी रोकने के बजाय नाका तोड़ दिया और मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों को टक्कर मारते हुए बरोटीवाला चौक की ओर गाड़ी को अत्यंत तेज रफ्तार में भगा ले गया। विपरीत दिशा में भागते समय टोल बैरियर से करीब 15 से 20 मीटर की दूरी पर कार सामने से अपनी सही दिशा में आ रहे एक ट्रक से जोरदार तरीके से टकरा गई।

सड़क हादसे के तुरंत बाद स्पेशल सेल-एक्स के जवान मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त कार का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। खुद को पुलिस से घिरा देख और कानूनी कार्रवाई के डर से कार चालक ने अपने पास मौजूद हेरोइन (चिट्टा) की पूरी खेप को निगल लिया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी का दरवाजा खोला और चालक की तेजी से बिगड़ती स्थिति को देखते हुए उसे बिना किसी देरी के पुलिस वाहन से सिविल अस्पताल बद्दी पहुंचाया। हालांकि, अत्यधिक मात्रा में नशा शरीर के अंदर जाने के कारण डॉक्टरों के भरसक प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक चालक की पहचान विक्रम ठाकुर उर्फ विक्की, पुत्र सरवण कुमार, निवासी गांव व डाकघर गोयला पन्नर, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के रूप में हुई है।

घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को ध्यान में रखते हुए मौके पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला की फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। FSL टीम ने दुर्घटनास्थल तथा कार के भीतर का सूक्ष्मता एवं बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार के अंदर से 9.02 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), एल्युमिनियम फॉयल में लिपटी हुई चिट्टे की 4 छोटी पुड़ियां, नशा सेवन में स्ट्रॉ की तरह इस्तेमाल किया गया ₹20 का अधजला भारतीय नोट, एक मिनी इलेक्ट्रॉनिक वजन मापने वाली मशीन, एक धारदार खंजर , एल्युमिनियम फॉयल के दो रोल (एक बड़ा व एक छोटा), नशा पैक करने व सेवन में प्रयुक्त हुए एल्युमिनियम फॉयल के टुकड़े तथा कुल 5 मोबाइल फोन (जिनमें 1 मिनी फोन, 2 कीपैड मोबाइल और 2 Vivo स्मार्टफोन शामिल हैं) बरामद किए गए।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार में सवार तीन अन्य युवकों को भी मौके से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए सह-आरोपियों की पहचान विक्रम सिंह पुत्र गुरु चरण सिंह, निवासी बरोटीवाला, गौरव कुमार (पुत्र अशोक कुमार, निवासी गांव बग्गूवाला, बरोटीवाला) और आशीष मेहता पुत्र मानसिंह, निवासी गांव बग्गूवाला, बरोटीवाला के रूप में हुई है। इस संदर्भ में पुलिस थाना बरोटीवाला में भारतीय न्याय संहिता तथा स्वापक औषधि और ND&PS अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तीनों आरोपियों को आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करेगी, ताकि रिमांड के दौरान यह पता लगाया जा सके कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में अवैध चिट्टा कहां से लाए थे और इस अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क में उनके साथ कौन-कौन से अन्य लोग संलिप्त हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।