नाहन की सॉफ्टवेयर इंजीनियर ऐश्वर्या का बैडमिंटन में धमाल, सेमीफाइनल तक का तय किया सफर

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला हमीरपुर के नादौन में आयोजित हिमाचल प्रदेश राज्य बैडमिंटन चैंपियनशिप (सीनियर वर्ग) में नाहन की ऐश्वर्या वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला डबल्स स्पर्धा के सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।

ऐश्वर्या वर्मा ने यह मुकाम पांवटा साहिब की प्रतिभावान नौशी रमौल के साथ जोड़ी बनाकर हासिल किया। सीनियर वर्ग की इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में ऐश्वर्या और नौशी की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक पहुँचकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता के लिए ऐश्वर्या को कोच विक्रांत शर्मा का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिससे उन्हें अपनी खेल तकनीकों को निखारने में काफी मदद मिली।

22 वर्षीय ऐश्वर्या वर्मा शिक्षा के क्षेत्र में भी बेहद मेधावी हैं। उन्होंने कंप्यूटर साइंस में बी.टेक की पढ़ाई पूरी की है और एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। अपनी व्यस्त पेशेवर ज़िंदगी और पढ़ाई के बावजूद बैडमिंटन के प्रति उनका जुनून कम नहीं हुआ।

हाल ही में ऐश्वर्या को यूआईईटी (UIET), पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ में एम.टेक में प्रवेश मिला है। बैडमिंटन खेलना और संगीत सुनना उनकी प्रमुख हॉबी है। ऐश्वर्या पिछले 4 वर्षों से नाहन के ऐतिहासिक चंबा ग्राउंड स्थित इनडोर हॉल में नियमित रूप से बैडमिंटन का कड़ा अभ्यास कर रही हैं। वे यहाँ खुद से ही लगन के साथ प्रैक्टिस कर अपने खेल में सुधार ला रही हैं।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में महिला डबल्स के सेमीफाइनल तक पहुँचने पर परिजनों, खेल प्रेमियों और सिरमौर के निवासियों ने ऐश्वर्या वर्मा और उनकी जोड़ीदार नौशी रमौल को बधाई दी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।