नाहन: कूड़ा कलेक्शन के नाम पर लाखों का फर्जीवाड़ा, दो के खिलाफ मामला दर्ज

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : नगर परिषद के डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन यूजर चार्ज में लाखों के गबन का मामला सामने आया है। पुलिस थाना नाहन के अंतर्गत नगर परिषद के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार की शिकायत पर पुलिस ने दो कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। शिकायत में कर्मचारियों पर सरकारी धन के गबन और रिकॉर्ड में गंभीर हेराफेरी व अनियमितता बरतने के आरोप लगाए गए हैं।

मामले का खुलासा डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के यूजर चार्ज के ऑडिट के दौरान हुआ। नगर परिषद द्वारा शहर में यूजर चार्ज वसूली के लिए नितिन कल्याण (निवासी वाल्मीकि बस्ती, नाहन) को अधिकृत किया गया था, जो सीएलसी के माध्यम से आउटसोर्स सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। उसे वसूली के लिए रसीद पुस्तिकाएं जारी की गई थीं। जून 2023 से 15 सितंबर 2025 के बीच उसने कुल ₹11,18,660/- एकत्रित किए, लेकिन नगर परिषद के संबंधित कर्मचारी अहसान अहमद (हेल्पर) के पास केवल ₹5,93,450/- ही जमा करवाए। इस तरह ₹5,25,210/- की राशि कम जमा पाई गई, जिसका कथित रूप से गबन कर लिया गया।

नगर परिषद नाहन

वित्तीय गबन के अलावा रिकॉर्ड में भी बड़े पैमाने पर अनियमितता पाई गई है। शिकायत के अनुसार, कुल ₹3,94,300/- की राशि से संबंधित डुप्लीकेट रसीदें कार्यालय के रिकॉर्ड में गायब हैं। इसके अतिरिक्त, नितिन कल्याण को जारी की गई 16 रसीद पुस्तिकाओं में से 5 पुस्तिकाएं और उनसे संबंधित जरूरी रिकॉर्ड नगर परिषद कार्यालय में वापस जमा ही नहीं कराया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आउटसोर्स कर्मचारी नितिन कल्याण और नगर परिषद के हेल्पर अहसान अहमद ने आपसी मिलीभगत से सरकारी खजाने को चूना लगाया और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से रिकॉर्ड गायब कर दिया।

SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि नगर परिषद प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अब गायब रिकॉर्ड की बरामदगी और गबन की गई राशि के संदर्भ में दोनों आरोपियों से पूछताछ व कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।