नाहन के द्वार पहुंचेंगे सोमनाथ ज्योतिर्लिंग; 1000 वर्ष पुरानी दिव्य ऊर्जा के होंगे दर्शन

नाहन : हिमाचल प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का एक सुनहरा अवसर आने वाला है। ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ संस्था द्वारा आयोजित सोमनाथ ज्योतिर्लिंग दर्शन यात्रा आगामी 10 अप्रैल को ऐतिहासिक शहर नाहन पहुंचेगी। चंबा जिले से 1 अप्रैल को शुरू हुई यह पवित्र यात्रा प्रदेश के कोने-कोने में शिव भक्ति की अलख जगाते हुए अब सिरमौर की धरा पर दस्तक दे रही है।

नाहन पहुंचने पर इस यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। शहर के ऐतिहासिक काली स्थान मंदिर में सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शनों के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। आर्ट ऑफ लिविंग की प्रशिक्षक शैलजा पुरी ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था के संस्थापक श्री श्री रविशंकर की पावन इच्छा के अनुरूप इस यात्रा का आयोजन किया गया है, ताकि जो श्रद्धालु किन्हीं कारणों से सोमनाथ नहीं जा सकते, उन्हें उनके घर-द्वार पर ही महादेव के ज्योतिर्लिंग स्वरूप के दर्शनों का पुण्य प्राप्त हो सके।

10 अप्रैल को मंदिर परिसर में केवल दर्शन ही नहीं, बल्कि दिव्य सत्संग और विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए आर्ट ऑफ लिविंग की टीम और स्थानीय स्वयंसेवक जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए संस्था ने ऑनलाइन पोर्टल भी साझा किया है। इस यात्रा और दर्शन से जुड़ी विस्तृत जानकारी या सहभागिता के लिए इच्छुक भक्त vdst.in/somnath पर लॉग-इन कर सकते हैं।

शैलजा पुरी ने नाहन और आसपास के क्षेत्रों के समस्त शिव भक्तों को इस पावन अवसर पर आमंत्रित किया है कि वे भारी संख्या में पहुंचकर भगवान सोमनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।