नाहन: कौला वाला भूड़ में खेत की फेंसिंग में जानबूझकर छोड़ा गया करंट, गाय की दर्दनाक मौत

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना नाहन के अंतर्गत रामपुर गांव में खेत में लगाई गई फेंसिंग में करंट आने से एक गाय की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित पशुपालक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर (डाकघर कौलावाला भूड़ , तहसील नाहन) निवासी रघूबीर सिंह ने पुलिस थाना नाहन में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, 20 अक्टूबर की शाम लगभग 4:30 बजे वह अपनी गाय को घास चराने के लिए ले जा रहा था। उसी दौरान उसकी जमीन के पास स्थित राजेश कुमार के खेत में लगी फेंसिंग में कथित रूप से जानबूझकर बिजली का करंट छोड़ा गया था।

जैसे ही गाय वहां घास चरते हुए फेंसिंग के संपर्क में आई, उसे जोरदार झटका लगा। बिजली का करंट लगते ही गाय मौके पर ही गिर गई और उसकी मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद परिजनों की मौजूदगी में पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने जांच के बाद गाय को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पशु चिकित्सक द्वारा मृत गाय का पोस्टमार्टम करवाया गया है।

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित रघूबीर सिंह की शिकायत पर आरोपी राजेश कुमार के खिलाफ पुलिस थाना नाहन में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि फेंसिंग में करंट किस तरह और किन परिस्थितियों में प्रवाहित किया गया था।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।