शिमला : सिरमौर जिले के पच्छाद क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। शिमला जिले के चौपाल उपमंडल में हुए एक भीषण सड़क हादसे में 27 वर्षीय बाइक सवार युवक की जान चली गई। मृतक युवक की पहचान हामन गांव (डाकघर धंग्यार, तहसील पच्छाद) निवासी केवल राम पुत्र नारायण सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, केवल राम नेरवा के रास्ते बाइक (HP 98 0885) पर सवार होकर अकेले अपने घर लौट रहा था। चौपाल-नेरवा मुख्य मार्ग पर नेवटी के पास अचानक उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 120 मीटर गहरी ढलान में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

दुर्घटनास्थल के आसपास घनी आबादी न होने और किसी प्रत्यक्षदर्शी के न होने के कारण हादसे का तुरंत पता नहीं चल सका। 21 अक्टूबर की शाम को जब क्षतिग्रस्त बाइक नाले में देखी गई, तब मामले का खुलासा हुआ।
सूचना मिलते ही नेरवा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से शव को खाई से बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेरवा के शवगृह में रखवाया गया है, जिसे आज कागजी प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि चौपाल पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हादसे के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।